मुजफ्फरनगर। सहारनपुर से आई एंटी करप्शन की टीम ने चरथावल क्षेत्र के चकबंदी लेखपाल राजन कुमार को 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। किसान से यह रिश्वत जमीन की पैमाइश के नाम पर मांगी गई थी। आरोपी लेखपाल के खिलाफ शहर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सरकारी भ्रष्टाचार के मामले में पडोसी जिलों में लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद रिश्वतखोरी का खेल थम नहीं पा रहा है। ताजा मामला बुधवार को चकबंदी लेखपाल की गिरफ्तारी के रूप में सामने आया है। सरधना निवासी किसान नरेंद्र कुमार ने अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए चकबंदी लेखपाल से संपर्क साधा था। आरोप है कि चकबंदी लेखपाल राजन कुमार ने इसके बदले किसान से रिश्वत मांगी थी। किसान नरेन्द्र कुमार ने कम राशि का आॅफर दिया था, लेकिन चकबंदी अपनी मांग पर अडिग रहा। रिश्वत की रकम तय करने के बाद किसान नरेन्द्र ने सहारनपुर एंटी करप्शन के अधिकारियों से संपर्क कर चकबंदी लेखपाल की शिकायत की थी। जांच में आरोप की पुष्टि होने के कारण धरपकड के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। चकबंदी लेखपाल राजन कुमार ने किसान को 20 हजार रूपये लेकर आज रामपुरी स्थित कार्यालय बुलाया था, जहां पर रकम पकडते ही पहले से ही जाल बिछाए बैठी एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल को मौके पर ही दबोच लिया। तत्काल उसे शहर कोतवाली लाया गया, जहां पर इंस्पेक्टर जसपाल सिंह के नेतृत्व में उससे पूछताछ की गई। एंटी करप्शन की टीम ने उसके आफिस पर आवास की भी तलाशी ली है।








