मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने विकास भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कुल 78.73 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि बुढ़ाना में 82.60, चरथावल में 80.35, पुरकाजी में 78.19, मुजफ्फरनगर में 67.93, खतौली में 82.65 और मीरापुर में 81.20 प्रतिशत कार्य संपन्न हो चुका है।
जिलाधिकारी ने वार्ता के दौरान जानकारी दी कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शत प्रतिशत दर्ज करना और उसे पूर्णतः त्रुटिरहित व अद्यतन बनाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, खंड विकास कार्यालयों, तहसीलों और कलक्ट्रेट में हेल्प डेस्क एवं कैम्प स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों से अपील है कि वे गणना प्रपत्र भरकर जमा करें, तथा बीएलओ/सुपरवाइजर द्वारा किए जा रहे सत्यापन में सहयोग करें। इसके अतिरिक्त राजनैतिक दलों ने प्रत्येक बूथ पर बीएलए तैनात कर एसआईआर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद की है। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे इस जन-जागरूकता अभियान का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ, ताकि शत-प्रतिशत पंजीकरण और स्वतंत्र, निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि मृतक, शिफ्टेड, डुप्लीकेट या अनुपस्थित मतदाताओं के संबंध में किसी भी सूचना या आपत्ति की जानकारी समय पर दें, जिससे आवश्यक सुधार किया जा सके। वार्ता के दौरान एडीएम प्रशासन संजय सिंह भी मौजूद रहे।






