मुजफ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग पर लगातार हो रहे जलभराव से त्रस्त ‘आजाद भारत के गुलाम’ विजय हिंदुस्तानी ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए सांकेतिक जल समाधि ले ली। बेड़ियां पहनकर और कैदी की वर्दी धारण कर वे सड़क पर जमा पानी में बैठ गए, जिससे राहगीरों और प्रशासन का ध्यान आकर्षित हुआ। विजय हिंदुस्तानी ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से परिक्रमा मार्ग बदहाल है। सड़क के एक हिस्से में जलभराव से मार्ग पूरी तरह बंद हो चुका है जबकि दूसरी ओर गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल बना हुआ है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पहले ही चेतावनी दी थी कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, वे पानी में बैठे रहकर सांकेतिक जल समाधि लेंगे। सुबह मौके पर पहुंचते ही उन्होंने प्रशासन को चुनौती दी कि यदि कोई जिम्मेदार अधिकारी तुरंत नहीं आया तो वे एक फीट गड्ढा खोदकर उसी में बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गड्ढामुक्त सड़कों के निर्देश दिए हैं, लेकिन यहां सड़कों पर गड्ढों की जगह तालाब बन चुके हैं। विजय हिंदुस्तानी ने बताया कि इस खराब मार्ग पर आए दिन रिक्शा, टेंपो और वाहन पलटने की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने नगर पालिका और संबंधित विभागों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से वह इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं शुरू हुआ तो वे जल समाधि के रूप में धीरे-धीरे जमीन में गड्ढा खोदकर और गहरी बैठते जाएंगे। उन्होंने कहा कि समय के साथ उनकी यह प्रतिरोध कार्रवाई और गंभीर होती जाएगी।






