पुरकाजी। नगर पंचायत ने शिक्षा हित को प्राथमिकता देते हुए राजकीय इंटर कॉलेज में करीब 48 आधुनिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करा दिए हैं। चेयरमैन जहीर फारूकी ने मंगलवार को कॉलेज पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी कैमरों की लाइव फीड देखी। कॉलेज नगर पंचायत की सीमा से बाहर होने के बावजूद छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कार्य नगर पंचायत के बजट से कराया गया है।
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने कैमरा लगाने वाली टीम को मैन गेट और साइकिल स्टैंड पर भी अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कॉलेज में सभी कक्षाओं में आगे और पीछे की ओर दो-दो कैमरे लगाए गए हैं, जबकि लाइब्रेरी, गैलरी और हॉल सहित पूरे परिसर को कैमरे की निगरानी में शामिल कर लिया गया है। सभी कैमरों का कंट्रोल रूम प्रधानाचार्या प्रीति चौधरी के कार्यालय में स्थापित किया गया है।जहीर फारूकी ने बताया कि अब तक राजकीय इंटर कॉलेज को बोर्ड परीक्षा केंद्र की पात्रता नहीं मिल पाती थी। लेकिन सीसीटीवी कवरेज और अनुशासन व्यवस्था मजबूत होने के बाद अब जल्द ही इस कॉलेज को बोर्ड परीक्षा केंद्र के रूप में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह कदम पूरी तरह जनहित और शिक्षाहित में उठाया गया है, जिससे क्षेत्र के छात्रों को लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान निखिल गोयल, वंश अग्रवाल, आलम मेंबर सहित नगर पंचायत टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।






