मुजफ्फरनगर। 6 दिसंबर को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा प्रस्तावित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। तैयारी की समीक्षा के लिए जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी की ओर से सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार ने की।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए एडीएम ने कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए और परीक्षा को हर हाल में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सीसीटीवी कैमरे परीक्षा के दौरान पूर्ण रूप से सक्रिय रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने पाए।उन्होंने बताया कि जनपद में दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 9 से 11 बजे में गणित विषय की परीक्षा कराई जाएगी, जिसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 7 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। वहीं, द्वितीय पाली अपराह्न 3 से 5 बजे में हिंदी विषय की परीक्षा होगी, जिसमें लगभग 2800 अभ्यर्थी शामिल होंगे और इसके लिए 8 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।एडीएम ने निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारी समय से पहले केंद्रों पर पहुंच जाएं और अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, जनरेटर, महिला एवं पुरुष शौचालय समेत सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट ट्रेजरी से प्रश्नपत्र लेकर सुरक्षा के साथ केंद्रों तक पहुंचाएंगे और केंद्र व्यवस्थापक सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में उन्हें सभी कक्षों तक पहुंचाएंगे। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि सुभाष सिंह ने पूरी परीक्षा प्रक्रिया का विस्तृत विवरण दिया और प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की संख्या व व्यवस्था से अवगत कराया। बैठक में प्रशासनिक विभाग के अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







