मुजफ्फरनगर। सहारनपुर के मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार ने मंगलवार को जिले में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया। उन्होंने बुढ़ाना पहुंचकर बीएलओ से बात की। साथ ही निर्देश दिए कि पात्र व्यक्ति को वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने के लिए किसी तरह की दिक्कत नहीं आने चाहिए।
मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार मंगलवार को एक दिवसीय प्रवास पर मुजफ्फरनगर पहुंचे। सुबह उन्होंने बुढ़ाना पहुंचकर एसआईआर के कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने एसआईआर के काम में जुटे बीएलओ से बातकर उलझनों के बारे में बात की। साथ ही कहा कि एसआईआर का काम पूरी पारदर्शिता से करने के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र लोगों को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए। बाद में मंडलायुक्त ने कलक्ट्रेट परिसर पहुँचकर एसआईआर के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले बीएलओ और सुपर वाइजरों को सम्मानित किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सुनिश्चित किया जा रहा है कि एसआईआर में कोई पात्र व्यक्ति नहीं छुटना चाहिए। इसके अलावा मृत मतदाताओं के नाम काटने के साथ यह व्यवस्था की जा रही है कि एक व्यक्ति का एक ही वोट होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनसहयोग से एसआईआर के काम को निर्धारित अवधि में पूरा कर लिया जाएगा।







