मुजफ्फरनगर। शहर की प्रमुख मार्गों में शामिल भगत सिंह रोड पर सोमवार को भीषण जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी विकट रही कि वाहन तो दूर, पैदल चलना तक लोगों के लिए संघर्ष बन गया। सड़क के दोनों ओर फंसे वाहनों की लंबी कतारें शाम तक बढ़ती रहीं। जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिस ने पूरी कोशिश की, लेकिन भारी भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके। कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों को वाहनों को धक्का लगाकर निकालने तक की स्थिति बन गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि भगत सिंह रोड पर आए दिन जाम लगता है, लेकिन पुलिस के पास इससे निपटने की कोई ठोस कार्ययोजना नहीं दिखाई देती। व्यापारियों और ग्राहकों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। लगातार बिगड़ती यातायात स्थितियों ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं लोग उम्मीद जता रहे हैं कि जिला प्रशासन जल्द ही इसके स्थायी समाधान के लिए कारगर कदम उठाएगा।







