मुजफ्फरनगर। राॅग साइड से वाहन निकालने का विरोध करने पर सिपाही पर हमला करने के मुख्य आरोपी प्रवीण लोनी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने खाकी पर हाथ छोड़ने वाले इस शख्स को ऐसा कानूनी पाठ पढ़ाया कि वो चलने की स्थिति में नहीं था। शहर कोतवाली क्षेत्र में सिपाही पर हमले की यह वारदात दो नवंबर को हुई थी। दरअसल जुलूस के दौरान कार सवार युवकों ने राॅग साइड निकलने का प्रयास किया था। विरोध करने पर कार सवार लोगों ने यातायात पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी थी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी संजय वर्मा ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत की अगुवाई में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को दबोच लिया था, जबकि मुख्य आरोपी प्रवीण निवासी लोनी फरार चल था। शहर कोतवाली पुलिस ने भागदौड़ के बाद मुख्य आरोपी प्रवीण को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को सबक सिखाते हुए कोर्ट में पेश किया। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।






