मुजफ्फरनगर। डीएवी महाविद्यालय में रविवार को मां शाकंभरी विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, सहारनपुर के चुनाव का आयोजन किया गया। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला। इस चुनाव में कुल 11 पदों के लिए मतदान हुआ, जिनमें अध्यक्ष, महामंत्री, उपाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री एवं प्रतिनिधि संयुक्त मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल रहे। चुनाव में मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान मौजूद रहे, जबकि चुनाव अधिकारी डॉ. ई. ईश्वपाल सिंह, डॉ. आर.पी. सिंह, देवेश कुमार त्यागी और प्रोफेसर अमित मलिक (महामंत्री, मां शाकंभरी विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, सहारनपुर) ने चुनाव प्रक्रिया का संचालन देखा। अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला डॉ. जेविंद्र तोमर और अशोक कुमार के बीच रहा, जबकि महामंत्री पद पर डॉ. गुरदेव सिंह, निर्भय सिंह और सुभाष चंद्र के बीच त्रिकोणीय संघर्ष देखने को मिला।महाविद्यालय परिसर में सुबह से ही शिक्षक समुदाय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संपूर्ण व्यवस्था की गई थी।






