खतौली। भूड़ देहात क्षेत्र में रजवाहे की सिल्ट सफाई को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सिल्ट को सड़क किनारे डालने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी मुद्दे पर ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर के साथ नोकझोंक कर विरोध जताया और काम रुकवा दिया। महिलाओं का कहना है कि सिल्ट को सीधे सड़क के किनारे और रास्ते में डाल देने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों के कपड़े और जूते कीचड़ में सने गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी गंदगी नहीं हटाई गई, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस दौरान मौके पर पहुंचे ब्लॉक अध्यक्ष दीपांकर चौहान ने कहा कि जब तक सड़क से कीचड़ नहीं हटाया जाता, तब तक काम बंद रहेगा और जेसीबी मशीन वहीं खड़ी रहेगी। उन्होंने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी कार्यप्रणाली से जनता को ही दिक्कत उठानी पड़ रही है। वहीं, सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि सिल्ट को सुखाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से उठाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि गीली सिल्ट को तुरंत उठाया जाए तो रास्ते और अधिक खराब हो जाएंगे। फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर सड़क की सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया है।अंकुश प्रधान का कहना है कि विभाग अगर सफाई का कार्य सही तरीके से करता तो यह स्थिति नहीं बनती। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रास्ता साफ नहीं हुआ, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।







