75 करोड़ की लागत से एक साल में बनकर तैयार होगा नया बिजलीघर
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सुजडू में किया स्थल का निरीक्षण, शहर और औद्योगिक क्षेत्र को मिलेगा लाभ
मुजफ्फरनगर। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयासों से मुजफ्फरनगर शहर और सुजडू औद्योगिक क्षेत्र को नए बिजलीघर की सौगात मिल गई। 75 करोड़ की लागत से बनने वाला यह बिजलीघर एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। राज्यमंत्री अग्रवाल ने सोमवार को सुजडू में बनने वाले बिजलीघर के स्थल का निरीक्षण किया। उन्हांने दावा किया कि नए बिजलीघर के बनने के बाद बिजली की आंख मिचैली से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सोमवार को दल-बल के साथ सुजडू स्थित नए बिजलीघर के स्थल का निरीक्षण किया। अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उर्जा मंत्री एके शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शहर क्षेत्र के लिए नए बिजलीघर के निर्माण को धन स्वीकृत हो गया है। उन्हांने बताया कि सुजडू में 132/33 केवी का नया बिजली घर बनेगा। यह बिजलीघर एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। नए बिजलीघर से सुजडू औद्योगिक क्षेत्र और मुजफ्फरनगर शहर के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुराना बिजलीघर के जर्जर हालत में होने के कारण सप्लाई भी बाधित हो रही है।







