मुजफ्फरनगर। शहर के शामली रोड पर मिले लावारिस शव की पहचान कराना पुलिस के लिए चुनौती बना है। पीएम रिपोर्ट में चोटों की वजह से मौत होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव की शिनाख्त को वेस्ट यूपी के जिलों की पुलिस से संपर्क साधा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शामली रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। रिपोर्ट में आया कि गर्दन पर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या की गई है। एक सप्ताह से अधिक का समय पूरा होने के बाद पुलिस के सामने शव की पहचान की चुनौती बनी है। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने शव का पहचान कराने के लिए अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने आशंका जताई कि हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। जाहिर है कि मरने वाला बाहरी क्षेत्र का है। इस लिहाज से हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड आदि राज्य की पुलिस से संपर्क करने को कहा है। उनका मानना है कि शव की पहचान होते ही हत्या की गुत्थी सुलझाना आसान हो जाएगा।






