मुजफ्फरनगर। जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सोमवार को कई उप जिलाधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में परिवर्तन किया है।
जिलाधिकारी द्वारा किए गए इस फेरबदल के तहत निकिता शर्मा को खतौली तहसील का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। निकिता शर्मा की पहचान सदर तहसील की एसडीएम रहते हुए एक सख्त, कर्मठ और जनता से सीधा संवाद रखने वाली अधिकारी के रूप में रही है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पारदर्शिता और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष पहचान बनाई थी। वहीं राजकुमार भारती, जो अब तक खतौली के एसडीएम पद पर कार्यरत थे, उन्हें जानसठ तहसील का नया एसडीएम बनाया गया है। खतौली में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान कराया। उनकी छवि आम लोगों में एक ईमानदार और संवेदनशील अधिकारी के रूप में बनी रही। इसी क्रम में जानसठ के एसडीएम रहे राहुल देव भट्ट को मुख्यालय से अटैच किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल कार्य की सुचारुता और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। जिले में हुए इस परिवर्तन को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।






