मुजफ्फरनगर। देर रात पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने थाना बुढाना का औचक निरीक्षण करते हुए विवेचकों का अर्दली रूम लिया। इस दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
एसपी ग्रामीण ने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। अर्दली रूम के दौरान उन्होंने थानाक्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशीले पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही एसपी ग्रामीण ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई को गति देने, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चैकिंग करने तथा फ्लाई सीट प्रविष्टियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्रपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुभाष अत्री सहित सभी विवेचकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एसपी ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों से जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।






