मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी, निर्भीक पत्रकार और जननायक गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक प्रेरणादायी प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य अनु शुक्ला ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी भारतीय पत्रकारिता के उन महान व्यक्तित्वों में से एक थे जिन्होंने निडरता, निष्पक्षता और राष्ट्रभक्ति को अपने लेखन का आधार बनाया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी जी ने पत्रकारिता को समाज परिवर्तन और स्वतंत्रता आंदोलन का सशक्त माध्यम बनाते हुए सत्य और न्याय के पक्ष में निर्भीक होकर कलम चलाई। उनके जीवन से आज का युवा वर्ग न केवल देशभक्ति बल्कि समाज सेवा की भावना भी सीख सकता है।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का जीवन सत्य, साहस और समर्पण की अद्भुत मिसाल है। ऐसे महापुरुषों की जयंती मनाना हमारे लिए गौरव का विषय है, क्योंकि यह हमें कर्तव्यनिष्ठा और नैतिकता के मार्ग पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भी गणेश शंकर विद्यार्थी जी के जीवन पर आधारित विचार प्रस्तुत किए। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






