मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने बधाईकलां के युवक की मौत के मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ईवान हाॅस्पिटल परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। भाकियू से जुड़े कार्यकर्ताओं ने ईवान अस्पताल परिसर में धरना देते हुए आरोप लगाया कि बधाईकलां के एक युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन ने युवक के परिजनों से मुंह मांगी रकम तो ली, लेकिन उसके उपचार में लापरवाही बरती। नतीजा यह हुआ कि युवक की दर्द से कराहते हुए मौत हो गयी। आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने पीड़ित पक्ष की बात सुनने के बजाये उन्हें धमकाने का काम किया। युवा ब्लाॅक अध्यक्ष अंकित मलिक को इस बात का पता लगा तो उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी से वार्तालाप करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष से हरी झंडी मिलने के बाद मलिक ने अपने समर्थकों के साथ अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा किया। इस दौरान सदर ब्लाॅक अध्यक्ष गुलशन चैधरी, परमजीत, समीर, शाहिद, शाहबाज, अंकित मलिक, सलमान, राजू पीनना आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






