मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र के बिलासपुर कट पर मंगलवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। बेकाबू ट्रक बाइक सवार को टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीट कर ले गया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उत्तेजित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जाम भी लगाया।
नई मंडी के शेरनगर निवासी इरशाद मंगलवार को बाइक लेकर दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर बिलासपुर मोड के पास से गुजर रहा था। इसी बीच तेज रफ्तारो से आए ट्रक ने इरशाद की बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक उसे काफी दूर तक घसीट कर ले गया, जिस कारण इरशाद की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। हादसे की खबर मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्हांने कार्यवाही की मांग को लेकर हाईवे के बाइर्पास को जाम कर दिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे से इरशाद के घर में कोहराम मचा है।







