मुजफ्फरनगर। सिखेडा पुलिस ने कृषि विभाग की मदद से सरकारी यूरिया की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड किया है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के साथ सरकारी यूरिया के 80 बैग लेकर जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ जालसाजी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस-प्रशासन को इनपुट मिला था कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यूरिया की कालाबाजारी कर रहे है। इसी आधार पर कृषि विभाग और सिखेडा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। सीओ मंडी राजू साव के निर्देशन में गठित टीम ने कई घंटे की भागदौड के बाद एक वाहन को पकडा है, जिसमें यूरिया के 80 बैग ले जाए जा रहे थे। जांच में खाद से जुडे दस्तावेज नकली पाए जाने पर रमन पांडेय निवासी नया गांव, उमंग वशिष्ठ निवासी लक्ष्मण विहार और इंतजार निवासी किदवईनगर थाना खालापार को पकडा गया। एसएसपी ने बताया कि पकडे गए लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर यूरिया को श्रीराम बायोटेक इंडस्टीज ले जाते थे। बाद में उन्हें मुंह मांगे दाम पर बेच देते थे, जिससे सीधे तौर पर किसान प्रभावित होता था। एसपी देहात आदित्य बंसल और सीओ मंडी राजू साव इस दौरान मौजूद रहे। कप्तान ने पुलिस टीम को 20 हजार रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।






