मुजफ्फरनगर। दैनिक रेल यात्री संघ का एक प्रतिनिधि मंडल रविवार को भाजपा नेता एवं संघ के अध्यक्ष घनश्याम भगत के नेतृत्व में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुजफ्फरनगर सांसद डॉ. संजीव बालियान से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद के बीच यात्रा करने वाले दैनिक रेल यात्रियों को हो रही विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।
अध्यक्ष घनश्याम भगत ने बताया कि यात्रियों को ट्रेनों के समय में बदलाव, भीड़भाड़, ट्रेन देरी और टिकट व्यवस्था जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने इन सभी जनहित के मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन मंत्री को सौंपा। सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद डॉ. संजीव बालियान ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याएं पूरी तरह से जायज हैं और वे शीघ्र ही रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इनका समाधान करवाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता गौरव स्वरूप तथा नई मंडी मंडल अध्यक्ष प्रवीण खेड़ा भी उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री दीपक गुप्ता, उपाध्यक्ष दीपक भाटिया, वरिष्ठ नेता एवं संरक्षक सुरेंद्र मित्तल, राजू भाटिया, बजरंग तायल, बृजमोहन प्रधान, पारस, कृष्णा और राजेश चौहान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।संघ के अध्यक्ष घनश्याम भगत और महामंत्री दीपक गुप्ता ने पूर्व मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।






