मुजफ्फरनगर,। जसोई गांव में अपने समुदाय की युवती से शादी करने की खुन्नस में कुछ दबंगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो में आरोपी इस युवक पर अनगिनत डंडे बरसाते हुए नजर आ रहे है। अधमरा करने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
तितावी थाना क्षेत्र के जसोई गांव में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक दो साथियों के साथ खड़ा हुआ है। इसी बीच कुछ दबंग युवक हाथों में डंडे लेकर आते है और अंधाधुध बरसाने लगते है। यही नहीं उसके साथ खडे़ दो युवक जान बचाने के लिए भाग जाते है। इसके बाद हमलावर युवक को नीचे गिराकर डंड़े मारते रहते है। चार-पांच हमलावर पहले तो उसे छोड़कर चले जाते है। इसके बाद दो युवक फिर से आकर लात-घूंसे बरसाने लगते है। आसपास के लोगों के आने पर हमलावर वहां से फरार हो जाते है। बताया गया है कि घायल युवक ने गैर संप्रदाय की युवती से शादी की थी। इसी खुन्नस में यह हमला किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







