खतौली। नगर शनिवार को रेलवे रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब फ़हीमपुर खुर्द निवासी लक्की पुत्र संजीव, जो शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज का छात्र है, परीक्षा देकर घर लौट रहा था। रास्ते में श्री कुंद कुंद जैन इंटर कॉलेज के दर्जनों छात्रों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे के कड़े से लक्की पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल छात्र को खतौली सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही छात्र के परिजन व मोहल्ले के लोग थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में छात्रों के बीच झगड़े और मारपीट की घटनाएं आए दिन होती हैं, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाई है।थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हमलावर छात्रों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि नगर क्षेत्र में स्कूल समय पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






