मुज़फ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव घासीपुरा में कल एक भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसने ग्रामीण खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान की। इस मौके पर आस-पास के क्षेत्रों से आए युवा पहलवानों ने अपनी शानदार कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में अहलावत खाप के मुखिया चौधरी गजेंद्र सिंह अहलावत ने पहलवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, गांवों की मिट्टी में जन्मे ये खिलाड़ी हमारी शान हैं। कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल विधा हमारी संस्कृति की आत्मा है, जिसे हमें नई पीढ़ी तक पहुँचाना होगा। उनके साथ समाजसेवी देवेंद्र अहलावत उर्फ ढोलू भी मंच पर उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान एवं अर्जुन अवार्डी दीपक हुड्डा ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा, ग्रामीण युवाओं का अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण देखकर गर्व महसूस होता है। पारंपरिक कुश्ती युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाती है, बल्कि उनमें मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी जगाती है। इस आयोजन के सफल संचालन में आयोजक कुंवर विजय राज सिंह, श्यामपाल चेयरमैन, देवेंद्र सिंह अहलावत चेयरमैन, संदीप खोखर, अशोक बाल्यान, नरेंद्र त्यागी, मोहर सिंह खोखर, रोहित अहलावत, नीरज पहलवान (कोच), युद्धवीर सिंह, और गांव की खेल समिति की अहम भूमिका रही।ग्रामीण अंचल में आयोजित यह दंगल न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि गांव की युवा शक्ति को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच भी साबित हुआ।






