मुजफ्फरनगर। क्रांति सेना के संस्थापक अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा ने शिव सेना जिला प्रमुख बिट्टू सिखेड़ा के खिलाफ कप्तान को दी गई शिकायत को मानसिक दिवालियापन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल से संगठन और उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर जहर उगलने वाले लोग, जरा सी सच्चाई सामने आने पर पागलों जैसी प्रतिक्रिया देने लगते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से कहा कि जो वे खुद नहीं सुन सकते, वह दूसरों के लिए भी न कहें।
ललित मोहन शर्मा ने घास मंडी स्थित शिव मंदिर को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह विवाद केवल मंदिर कमेटी और पुराने किराएदारों के बीच किराया बढ़ोतरी को लेकर है। कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इसे हिंदू-मुस्लिम रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मंदिर के पुजारी और किरायेदारों को इस मामले में गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि मंदिर के पुजारी को हटाने या किरायेदार को बाहर निकालने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने बताया कि जिस नदीम नमक कबाड़ी को मंदिर का किरायेदार बताकर माहौल में साम्प्रदायिक जहर फैलाया जा रहा है, वह वास्तव में पिछले 30 साल से मंदिर के बगल में पवन कुमार नामक सर्राफ के भवन में किरायेदार है।क्रांति सेना प्रमुख ने संगठन की सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों का उल्लेख किया और कहा कि यह संगठन बिना किसी स्वार्थ के हिंदुत्व और जनसेवा के मुद्दों पर कार्य करता है। कोरोना काल में 1500 से अधिक भोजन के पैकेट लगातार 21 दिन तक जरूरतमंदों तक पहुंचाए गए। इसके अलावा पिछले 32 वर्षों से सावन माह में ऐतिहासिक कांवड़ शिविर का आयोजन किया जाता है। शर्मा ने यह भी बताया कि सोमवार को पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए सहयोग राशि का ड्राफ्ट जिलाधिकारी को सौंपा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अस्तित्वहीन लोग मीडिया की सुर्खियां बटोरने और लाइमलाइट पाने के लिए संगठन के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। यदि वे वास्तव में हिंदू धर्म और हिंदुत्व के प्रति आस्था रखते हैं तो पहले उन्हें मर्यादा में रहकर दूसरों के प्रति आचरण करना चाहिए और संगठन की मजबूती पर ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश सचिव महामंडलेश्वर संजीव शर्मा, पूर्व प्रदेश उप प्रमुख शिव सेना प्रमोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा पूनम चौधरी, जिला महामंत्री अंजू त्यागी, प्रीति ठाकुर, सुमन प्रजापति, जिला सचिव अनीता प्रजापति, जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी, नगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, जिला सचिव मितलेश गिरी, पूजा शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, उज्ज्वल पंडित, नरेंद्र ठाकुर, निकुंज चौहान सहित सैकड़ों महिला और पुरुष पदाधिकारी उपस्थित रहे।






