मुज़फ्फरनगर । दैनिक मुदगल टाइम्स के समूह संपादक, साहित्य और पत्रकारिता जगत में सक्रिय एवं शासन से मान्यता प्राप्त पत्रकार
अनुज मुदगल को उनकी उत्कृष्ट शोधपरक कार्य के लिए सनराइज विश्वविद्यालय, अलवर (राजस्थान) से पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
डा मुदगल ने हिंदी विषय मे शोध करते हुए “हिंदी समाचार पत्रों का उद्भव से लेकर वर्तमान समय में आए परिवर्तन की समाज में भूमिका” शीर्षक के अंतर्गत गहन अध्ययन किया। उनके शोध कार्य में यह विश्लेषण किया गया है कि किस प्रकार हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक डिजिटल युग तक समाज में जनजागरण, सामाजिक सुधार, शिक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती प्रदान की।
शोध में हिंदी समाचार पत्रों की ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी अहम भूमिका, स्वतंत्रता के बाद सामाजिक व राजनीतिक चेतना निर्माण तथा वर्तमान समय में तकनीकी बदलावों (डिजिटल मीडिया, ऑनलाइन पोर्टल और सोशल मीडिया पत्रकारिता) के प्रभाव का विस्तृत विवेचन किया गया है।
डा अनुज मुदगल ने अपने शोध के लिए वर्ष 2020 मे पंजीकरण के बाद डा नरेश कुमार के निर्देशन मे अपना शोध पूरा किया। सनराइज विश्वविद्यालय अलवर द्वारा सफल शोध कर्ताओ को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित कर विद्या वाचस्पति (पीएचड़ी ) की उपाधि प्रदान की गई।
पीएचडी उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. अनुज मुदगल को साहित्य, पत्रकारिता और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।






