खतौली। श्री कुंद कुंद जैन इंटर कॉलेज में स्वर्गीय कामरेड सुरेंद्र कुमार जैन की पुण्य तिथि के अवसर पर आगामी 24 सितंबर को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर हर वर्ष की भांति इस बार भी बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य अनुराग जैन, संयोजक गौरव जैन एवं सहसंयोजिका मीनाक्षी जैन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष रक्तदान का लक्ष्य 600 यूनिट रखा गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी 500 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा का अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया था।आयोजन समिति द्वारा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु लगातार जन जागरण किया जा रहा है। जगह-जगह पोस्टर, अपील और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से लोगों को इस पुण्य कार्य में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। स्वर्गीय कामरेड सुरेंद्र कुमार जैन खतौली नगर पालिका परिषद के प्रमुख समाजसेवी रहे। वे श्री कुंद कुंद जैन एजुकेशन एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय बैंकिंग ट्रेड यूनियन के प्रखर नेता भी रहे। उनके समाज सुधार और सेवा कार्यों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से यह रक्तदान शिविर निरंतर आयोजित किया जा रहा है। प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने बताया कि यह शिविर तेरहवां रक्तदान शिविर होगा। बीते लगभग 12 वर्षों से यह आयोजन लगातार हो रहा है, जिसमें हजारों यूनिट रक्त एकत्र कर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में अमूल्य योगदान दिया गया है। समिति ने नगरवासियों, सामाजिक संगठनों और युवा वर्ग से इस महायज्ञ में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का विश्वास है कि इस बार भी रक्तदान शिविर में भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे और स्वर्गीय कामरेड सुरेंद्र कुमार जैन की स्मृति को और भी गौरवान्वित करेंग।






