खतौली। क्षेत्र चांद समंद में हो रही देर रात की बारिश ने एक परिवार पर आफ़त बनकर दस्तक दी। चांद समंद गांव में तेज़ बारिश के चलते एक कच्चे मकान की छत अचानक भराभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार, चांद समंद निवासी बलजोर की पत्नी रामो देवी अपने ही मकान में सो रही थीं। तभी अचानक तेज़ बारिश शुरू हुई और मकान की कच्ची छत का हिस्सा गिर पड़ा। हादसे में रामो देवी को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनकी जान बाल-बाल बच गई। छत गिरने की सूचना पर गांव के प्रधान निर्मल सैनी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से घर के अंदर सो रही महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल रहा। गांव वालों का कहना है कि रामो देवी और उनका परिवार कई बार आवासीय योजना के तहत पक्का मकान बनाने के लिए चक्कर काट चुका है, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया। मजबूरी में परिवार कच्चे मकान में रह रहा था, जो बारिश की मार झेल न सका और ढह गया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की योजनाएँ सिर्फ़ कागज़ों तक सीमित रह जाती हैं। यदि समय पर योजना के अंतर्गत मकान बनवा दिया जाता तो आज यह हादसा नहीं होता।






