मुज़फ्फरनगर। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक रविवार को रुड़की रोड स्थित एक मीटिंग हॉल में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से विजय प्रताप सिंह को जिलाध्यक्ष चुना गया। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मनोज पुंडीर को दी गई, जबकि जिला महामंत्री के रूप में दिवाकर सोलंकी और प्रवेंद्र पुंडीर का चयन किया गया। इसके अलावा दिव्य प्रताप सिंह को जिला उपाध्यक्ष तथा रणंजय ठाकुर को जिला संगठन मंत्री बनाया गया। बैठक में यह भी घोषणा की गई कि आगामी 28 सितंबर को मुज़फ्फरनगर में एक भव्य महासम्मेलन आयोजित होगा। इसमें प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी भी भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं।उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वर्ष 1897 में स्थापित हुई थी और यह देश के सबसे प्राचीन संगठनों में से एक है। संगठन समाज के उत्थान और कुरीतियों के उन्मूलन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।






