मुजफ्फरनगर। जिले के ड्रोन संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक गांधी कॉलोनी स्थित द स्पाइस विला में आयोजित की गई। बैठक में ड्रोन स्वामियों ने शादी-पार्टी जैसे आयोजनों में ड्रोन के प्रयोग पर प्रतिबंध को लेकर अपनी समस्याएँ रखीं और इस पर गहन चर्चा की।
ड्रोन संचालकों ने अपनी समस्याएं मुजफ्फरनगर फोटोग्राफर्स सोसाइटी तक पहुंचाईं। सोसाइटी के अध्यक्ष श्रवण मोघा एवं पदाधिकारियों ने ड्रोन स्वामियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सोसाइटी का एक प्रतिनिधि मंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करेगा और शादी-पार्टी जैसे आयोजनों में ड्रोन बैन की समस्या का समाधान कराने की दिशा में प्रयास करेगा।बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष श्रवण मोघा, मित्रसेन, विकास पाल, सुनील सैनी, हरीश कुमार (जिला ड्रोन प्रभारी), अनुज कुमार (नगर ड्रोन प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






