मुजफ्फरनगर। आगामी 17 सितंबर को होने वाली विश्वकर्मा जयंती की तैयारियों को लेकर रविवार को विश्वकर्मा चौक पर समाज के लोगों में आपसी मनमुटाव हो गया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण बन गई और हंगामा होने लगा।
सूचना मिलते ही मंडी सीओ राजू कुमार साव, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज राठौर, मंडी कोतवाली इंस्पेक्टर व कोतवाली इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और उनकी समस्याएँ सुनीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 17 सितंबर को होने वाली शोभा यात्रा की अनुमति केवल समाज के तीन जिम्मेदार व्यक्तियों को दी जाएगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह सभी जिम्मेदार व्यक्ति शोभा यात्रा के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।प्रशासनिक अधिकारियों ने अपील की कि विश्वकर्मा जयंती का आयोजन शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया।






