खतौली। क्षेत्र के आर्यपुरी भूड़ में बीती देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन बाइकों पर सवार छह अज्ञात बदमाशों ने एक मकान को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला दहल उठा और लोग घरों से बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी आर्यपुरी भूड़ अपने परिवार के साथ मकान में सो रहे थे। रात लगभग 12:30 बजे अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। जब बाहर आकर देखा तो मकान की दीवारों पर गोली के दो निशान बने हुए थे। मौके से 315 बोर और 312 बोर के खोखे बरामद हुए।फायरिंग की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। पीड़ित अशोक कुमार के पिता ओमप्रकाश (70 वर्ष) आर्मी से रिटायर्ड एक्स सर्विसमैन हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश या विवाद नहीं है। वर्तमान में वह अपनी पत्नी सुशीला के साथ अकेले रहते हैं, जबकि दोनों बेटे आर्मी में ड्यूटी पर बाहर तैनात हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौके से मिले खोखे अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फायरिंग की इस वारदात से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।







