मुजफ्फरनगर। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल के निर्देशानुसार तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पटेल नगर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी के मार्गदर्शन में लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज में 25 अगस्त से 27 अगस्त तक तीन दिवसीय योग शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में योग प्रशिक्षक रवि कुमार एवं पूनम वर्मा ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रिम्पल चौधरी ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार-विहार, नियमित दिनचर्या, दैनिक जीवन में योग के महत्व तथा संचारी रोगों के लक्षण एवं बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा एवं कॉलेज के समस्त स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा। तीन दिवसीय योग शिविर में कुल 1044 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए। शिविर के समापन पर आयोजकों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।






