मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के सौंदर्यकरण और जन हित कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए प्रेम विहार वार्ड-14 में पार्क सौंदर्यकरण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में वार्ड की सभासद राखी पवार, सभासद पति राहुल पवार, नगर पालिका के अवर अभियंता (जे.ई.) कपिल कुमार, सहित अन्य सम्मानित वार्डवासी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर पालिका शहरवासियों को बेहतर सुविधाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्कों का सौंदर्यकरण न केवल बच्चों और महिलाओं के लिए सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराएगा, बल्कि बुजुर्गों के लिए भी सुबह-शाम टहलने का उपयुक्त स्थान बनेगा। वार्ड सभासद रांखी पवार ने कहा कि उनके वार्ड में स्वच्छता व सौंदर्यकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और नगर पालिका के सहयोग से वार्ड के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम में मौजूद सभासदपति राहुल पवार व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पार्क का सौंदर्यकरण स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर को और बेहतर बनाएगा। स्थानीय लोगों ने भी पार्क सौंदर्यकरण कार्य के शुभारंभ पर खुशी जताई और नगर पालिका परिषद का आभार व्यक्त किया।






