मुजफ्फरनगर। सीएमओ डाॅ. सुनील तेवतिया के नेतृत्व में जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम को नई गति और सफलता मिल रही है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मात्र चार महीनों की अवधि में ही 50 से अधिक पुरुष नसबंदी आॅपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं, जबकि पिछले पूरे वित्तीय वर्ष 2024-25 में केवल 47 पुरुष नसबंदी ऑपरेशन ही किए गए थे। यह उपलब्धि जिले में परिवार नियोजन के प्रति बढ़ती जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग की सतत मेहनत का स्पष्ट प्रमाण है। डाॅ. सुनील तेवतिया ने इस अभियान में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए न केवल इसकी निगरानी की, बल्कि स्वयं ऑपरेशन थिएटर में जाकर सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अपने हाथों से ही 20 से अधिक पुरुष नसबंदी ऑपरेशन किए, जिससे न केवल स्वास्थ्य विभाग की टीम को प्रेरणा मिली, बल्कि आम जनता के बीच पुरुष नसबंदी के प्रति सकारात्मक संदेश भी पहुंचा। इस अभियान में कार्यक्रम की नोडल अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. दिव्या वर्मा का योगदान भी सराहनीय रहा। उन्होंने पूरे कार्यक्रम की प्रभावी रूप से माॅनिटरिंग की और टीम को संगठित तरीके से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उनकी लगन और समर्पण के कारण ही लक्ष्य की प्राप्ति में तेजी आई है। साथ ही जिला परिवार कल्याण एवं लाॅजिस्टिक्स प्रबंधक डाॅ दिव्यांक दत्त ने लाॅजिस्टिक्स का प्रबंधन वो राज्य स्तर तक रिपोर्टिंग कार्य को अच्छे से बखूबी निभाया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि परिवार नियोजन समाज और परिवार दोनों के स्वस्थ भविष्य के लिए आवश्यक है। उनकी प्राथमिकता है कि जिले के नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें। उन्होंने अपील की कि लोग स्वेच्छा से पुरुष नसबंदी अपनाएँ और छोटे परिवार के सिद्धांत को अपनाकर सुखी जीवन का निर्माण करें। डाॅ. सुनील तेवतिया ने कहा कि वे स्वयं ऑपरेशन थिएटर में जाकर पुरुष नसबंदी ऑपरेशन करते हैं ताकि लोगों में विश्वास पैदा हो और उन्हें प्रेरणा मिले। उनका मानना है कि परिवार नियोजन एक स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक कदम है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में सकारात्मक सोच और सहयोग के साथ आगे आना चाहिए।






