मुजफ्फरनगर। डीएवी काॅलेज में स्पिक मैके कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पद्म श्री से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सितार वादक उस्ताद शाहिद परवेज खान ने अपनी कला का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियों का आनंद लिया।
उस्ताद शाहिद परवेज खान, इटावा घराने की सातवीं पीढ़ी के प्रसिद्ध कलाकार हैं, जिन्हें ‘गायक सितार वाला व्यक्ति’ की संज्ञा दी जाती है। उनके सितार वादन ने विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत और संस्कृति से रूबरू कराया। कार्यक्रम में तबले पर उनका संगत हफीज अहमद अल्वी ने किया, जो अजरारा घराने के प्रसिद्ध तबला वादक हैं। आयोजकों का कहना था कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं संस्कृति से जोड़ना और उनके भीतर भारतीय परंपरा के प्रति गर्व की भावना पैदा करना है।







