खतौली। कस्बे के इस्लामनगर मोहल्ले में एक्सपायर्ड सामान बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। मोहल्ला निवासी मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्मद हसन ने अपने पड़ोसी दुकानदार शकील पर समय सीमा पार दूध बेचने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता उमर ने बताया कि उन्होंने रविवार सुबह शकील की किराना दुकान से आधा-आधा लीटर दूध की दो थैलियां खरीदी थी। घर पहुंचने पर जब पैकिंग पर अंकित तिथि देखी गई तो वह समाप्त हो चुकी थी। उमर के अनुसार जब वह दूध वापस करने और पैसे लौटाने गए तो दुकानदार ने केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। मोहम्मद उमर ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकानदार आए दिन एक्सपायर्ड सामान बेचकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करता है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।






