-कलक्ट्रेट परिसर में भिड़ंत : राशन डीलर ने कथित दलाल को जमकर पीटा, अफरा-तफरी का माहौल
-वाटर कूलर से शुरू हुई भिड़ंत, पूर्ति कार्यालय तक पहुंची थप्पड़ों की बरसात, दिन भर चर्चा का विषय बना मामला
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो व्यक्तियों के बीच अचानक विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
दरअसल गुरुवार को प्रतिदिन की तरह जिलाधिकारी कार्यालय में जन सुनवाई चल रही थी और अन्य विभागीय कार्यालयों में भी कार्य सामान्य रूप से संचालित हो रहे थे। इसी दौरान परिसर में वाटर कूलर के पास खड़े दो व्यक्तियों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते गहमा-गहमी बढ़ी और एक व्यक्ति ने दूसरे पर थप्पड़ों की बरसात शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पीटने वाला व्यक्ति दूसरे को खींचता हुआ पूर्ति कार्यालय के अंदर ले गया और वहां भी जमकर थप्पड़ जड़े।पीटने वाले व्यक्ति ने खुद को राशन डीलर बताया, जबकि पिटने वाले को पूर्ति विभाग का दलाल करार दिया। आरोप लगाया गया कि वह हर काम के लिए अवैध रूप से पैसे मांगता है। मार खाने वाला व्यक्ति विरोध करने की स्थिति में नहीं था और केवल बचाव करता रहा। कुछ देर बाद पूर्ति विभाग का ही एक कर्मचारी बीच-बचाव करते हुए मारपीट करने वाले को बाहर ले गया। वहीं पिटने वाला व्यक्ति परिसर से दूसरी दिशा में निकल गया। यह मारपीट की घटना अचानक होने के कारण कलक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दिन भर चर्चा का विषय बनी रही। आम लोग से लेकर कर्मचारी तक इस घटना पर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे।








