मुजफ्फरनगर। ग्राम तालड़ा में कुम्हार गड्ढों की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर प्रजापति समाज ने आवाज उठाई है। उत्तर प्रदेशीय प्रजापति महासभा की पंजीकृत इकाई मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार प्रजापति के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कब्जा मुक्त कराने की मांग की।
प्रार्थना पत्र में कहा गया कि ग्राम तालड़ा में खसरा संख्या 134/2 कुम्हार गड्ढ़ों की भूमि कुम्हारों के मिट्टी निकालने के स्थान के रूप में दर्ज है। लेकिन कुछ दबंग लोगों ने इस भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे कुम्हारों को मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए पड़ोसी गांवों से मिट्टी लाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि तहसीलदार जानसठ की अदालत द्वारा दायर वाद में दिनांक 25 अप्रैल 2025 को ही कब्जा मुक्त कराने का आदेश पारित हो चुका है। इसके बावजूद विपक्षीगण अब तक अवैध कब्जा बनाए हुए हैं। कुम्हार समाज ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर कुम्हार गड्ढ़ों की जमीन को कब्जा मुक्त कराकर कुम्हारों को वापस दिलाने की मांग की है। इस दौरान सोनू पुत्र बाबूराम, राहुल कुमार, दीपक कुमार, बसंत सिंह, राजीव कुमार समेत समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।






