मुजफ्फरनगर। छपार मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए शातिर गौकश शहजाद को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने कानूनी पाठ पढ़ाते हुए भविष्य में इसकी पुनर्रावृत्ति न करने की हिदायत दी। शहजाद मंगलवार रात छपार पुलिस के साथ गोलीबारी में घायल हो गया था। उसका एक साथी तो पकड़ा गया, जबकि दो चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने बुधवार को छपार पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ को मीडिया से साझा किया। उन्होंने बताया कि छपार पुलिस को खबर मिली थी कि खुड्डा रोड पर कुछ लोग गौकशी की तैयारी में है। पुलिस ने सही समय पर पहुंचकर गौकशी की कोशिश को विफल कर दिया। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो आरोपियों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर गौकश शहजाद निवासी खुड्डा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी सालिम को मौके पर पकड़ लिया गया। गौकशी के आदतन अपराधी शहजाद के दो साथी भागने में सफल हो गए। एसपी प्रजापत ने बताया कि शहजाद की गिरफ्तारी से गौकशी पर अंकुश लगेगा। उसके खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज है।






