मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन पुलिस ने नशे के कारोबार के पश्चिमी बंगाल से जुडे़ नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए आरोपी से 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। नेटवर्क से जुडे़ अन्य लोगों के बारे में पुलिस को जानकारी हुई है, जिस पर कार्रवाई चल रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के निर्देशन में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने नशे के तस्कर अनीस पुत्र सैदा निवासी गढ़ी सरवट को गिरफ्तार किया है। तलाशी में आरोपी के पास से 600 ग्राम गांजा और 2400 रूपये की नगदी बरामद हुई है। यह रकम गांजा बेचकर वसूली गई थी। सख्ती से पूछताछ हुई तो आरोपी ने बताया कि वह पश्चिमी बंगाल से गांजा आदि लाकर मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। सिविल लाइन थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष ने बताया कि आरोपी काफी समय से इस गोरखधंधे में सक्रिय है। इस नेटवर्क से जुडे कई अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल हुई, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






