मुजफ्फरनगर। जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कच्छौली निवासी पिंकी देवी पत्नी लीलू सिंह ने अपने पुत्र नितिन कुमार पर हुए जानलेवा हमले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे उनका बेटा नितिन कुमार एस.डी. इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर से पढ़ाई कर लौट रहा था। जैसे ही वह जनता इंटर कॉलेज के पास पहुंचा, उसी दौरान राज पुत्र जयबीर, अंकुल पुत्र सोनू निवासी कच्छौली, उधम पुत्र सोनू, कृष्ण पुत्र बिंदर निवासी कल्लरपुर, कुश पुत्र सोनू निवासी कल्लरपुर सहित कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर नितिन को रोक लिया और उस पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए हमला कर दिया। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने चाकू, लोहे के पंच और लाठी-डंडों से मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से वार किया। इस दौरान शोर सुनकर मौके पर अंकुश पुत्र प्रेमपाल, खुशी (पीड़िता की बेटी), अभिषेक पुत्र भूरा समेत अन्य लोग आ गए। लोगों की भीड़ देख आरोपी युवक वहां से भाग निकले और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गये। हमले में नितिन को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके बेटे या परिवार के किसी भी सदस्य के साथ भविष्य में कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। पिंकी देवी ने एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनके पुत्र या परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नामजद आरोपियों की होगी।






