मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड स्थित छोटूराम डिग्री कॉलेज गेट के बाहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने सोमवार को फीस वृद्धि के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज प्रशासन द्वारा फीस में की गई बढ़ोतरी अनुचित है, जिससे आम विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो धरना जारी रहेगा और आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षा के नाम पर मनमानी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कॉलेज प्रशासन को फीस वृद्धि का निर्णय वापस लेने की हिदायत दी।






