मीरांपुर। मीरांपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा रैली के नाम पर एक जिम संचालक ने अश्लीलता व फूहड़ता की सारी हदें पार कर दी। जिम संचालक ने कार में खड़े होकर अपनी टी शर्ट उतारकर अर्धनग्न अवस्था में बाॅडी प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। जिम संचालक की अश्लील हरकत से बाजार से गुजरने वाली छात्राओं-युवतियों व महिलाओं को शर्म के चलते बाज़ार से निकलने में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने जिम संचालक की हरकत की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर कार्यवाही की मांग की है।
शुक्रवार को मीरांपुर में एक जिम संचालक ने सैकड़ों युवकों की भीड़ के साथ तिरंगा बाइक व कार रैली निकाली। उक्त तिरंगा बाइक कार रैली दिल्ली पौड़ी राजमार्ग से पुराने वन विभाग कार्यालय के समीप से शुरू हुई। उक्त रैली में जिम संचालक व उसके साथियों ने दुपहिया चैपहिया वाहनों पर सवार होकर बाज़ार में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान जिम संचालक ने बेहूदगी की सारी हदें पार कर दी। जिम संचालक ने रैली के दौरान एक कार में ऊपर खड़े होकर अपनी टी शर्ट उतार दी तथा अर्ध नग्न होकर बाॅडी प्रदर्शन किया। जिम संचालक सभी बाजारों में इसी अवस्था में फूहड़ प्रदर्शन करता रहा तथा उसके साथी हा-हुल्ला करते रहे। जिम संचालक की हरकत से इस दौरान बाजार से गुजरने वाली छात्राओं-युवतियों व महिलाओं को बेहद शर्मिंदगी महसूस हुई और वे नजरें छिपाकर निकलती नजर आयी। महिलाओं को बाजार से गुज़रने में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ा। इतना ही नही उक्त जिम संचालक ने कस्बें के मदान चैक पर काफी देर तक अर्धनग्न होकर बाॅडी प्रदर्शन किया। जिम संचालक की उक्त हरकत से नागरिकों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर कार्यवाही की मांग की है। हैरत की बात ये है कि इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और मूकदर्शक बनी रही।






