मुज़फ्फरनगर। रक्षाबंधन का पावन पर्व इस वर्ष 9 अगस्त 2025 (श्रावण शुक्ल पूर्णिमा) को पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख ज्योतिषाचार्य और लोकप्रिय धार्मिक संस्था ‘विष्णुलोक’ के संचालक विनय शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त प्रातः 11:34 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रावणी पूर्णिमा का क्षय होने के कारण राखी बांधने का उचित समय सीमित है। इसके अतिरिक्त प्रातः 9 बजे से 10:30 बजे तक भी रक्षासूत्र बांधना शुभ रहेगा, किंतु 11:37 से 12:24 तक का समय विशेष रूप से शुभ और श्रेष्ठ माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि धार्मिक और वैदिक महत्व वाला दिन भी है। श्रावण शुक्ल पूर्णिमा को गायत्री जयंती, उपाकर्म, अमरनाथ शिव दर्शन, सूर्य नारायण व्रत, और शिव पुराण श्रवण का भी विशेष योग होता है।ज्योतिषाचार्य विनय शर्मा ने बताया कि श्रावण शुक्ल पूर्णिमा के दिन ही देवताओं की दिव्य वाणी ‘श्रुति’ सुनने को मिलती है, इसीलिए इस दिन को श्रावणी उपाकर्म का दिन कहा जाता है। ब्राह्मणों द्वारा यज्ञोपवीत संस्कार, तर्पण और पंचगव्य पान आदि का भी आयोजन इसी दिन होता है।
रक्षाबंधन पर्व के संदर्भ में उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में जब देवताओं और दैत्यों के बीच युद्ध होता था, तब इंद्र की पत्नी शची (इंद्राणी) ने उनकी रक्षा के लिए रक्षा सूत्र बांधा था। इसी प्रकार भगवान विष्णु ने राजा बलि को रक्षा सूत्र बांधकर वचन दिया था कि वे सदैव उसकी रक्षा करेंगे। इस दिन ब्राह्मणों को रक्षा सूत्र बांधना भी शुभ माना गया है।






