जनकपुरी में सफाई व्यवस्था चरमराईसफाई नायक अर्जुन पर लापरवाही के गंभीर आरोप
मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 32 जनकपुरी की जनता इन दिनों गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था से बेहद परेशान है। वार्ड की सभासद सुनीता एवं पूर्व सभासद सलेकचन्द द्वारा जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपा गया है, जिसमें वार्ड में नियुक्त सफाई नायक अर्जुन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सफाई नायक अर्जुन विगत सात वर्षों से इसी वार्ड में तैनात हैं, लेकिन उनका निवास सहारनपुर में होने के कारण वह नियमित रूप से वार्ड में उपस्थित नहीं रहते। नालियों में कूड़ा-कचरा जमा है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि विद्यालय जाने वाले बच्चों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी असुविधा हो रही है।सभासद के अनुसार, जब भी सफाई नायक को इस विषय में कहा जाता है तो वह टालमटोल करते हुए जवाब देते हैं। इतना ही नहीं, आरोप है कि वह अपने घर बैठे ही सफाईकर्मियों से कार्य की फोटो मंगवाकर औपचारिकता पूरी कर लेते हैं, जिससे क्षेत्र में सफाई की वास्तविक स्थिति बद से बदतर बनी हुई है। स्थानीय निवासियों एवं सफाईकर्मियों में भी इस रवैये को लेकर आक्रोश है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि वार्ड 32 से उक्त सफाई नायक का तत्काल स्थानांतरण कर किसी जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति सुधर सके। शिकायत पत्र के साथ दो पुराने आदेशों की प्रतिलिपि भी संलग्न की गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पूर्व में भी स्थानांतरण के प्रयास किए गए, परन्तु किसी कारण से उन्हें निरस्त करा दिया गया।वार्डवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।






