खतौली। नगर में शराफत काॅलोनी गुरुवार को उस समय रण भूमि में तब्दील हो गई, जब पति-पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट मामूली कहासुनी के फिर गुरुवार को दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शराफत काॅलोनी निवासी रुबीना गुरुवार को मुजफ्फरनगर से लौटकर अपने घर आई थी, जहां किसी बात को लेकर पति शादाब से कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। झगड़े के दौरान रुबीना ने गुस्से में आकर पति शादाब के सिर पर भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके जवाब में ससुराल पक्ष के लोगों ने भी रुबीना पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। रुबीना भी गंभीर चोटों के साथ जमीन पर गिर पड़ी। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह झगड़ा शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। पीड़िता रुबीना ने कोतवाली में तहरीर देकर पति और ससुरालियों पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।








