मुजफ्फरनगर। कांवड़ लेने गए नई मंडी के मोहित शर्मा का 11 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया। परिवार के लोग मुजफ्फरनगर से लेकर हरिद्वार तक की खाक छान चुके है, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। हालांकि मोबाइल का आखिरी लोकेशन हरिद्वार मिला था, तमाम थानों के चक्कर काटने के बाद भी कोई क्लू नहीं मिल पाया है।
नई मंडी के माढी की धर्मशाला निवासी मोहित शर्मा शहर में एक साडी के शोरूम में काम करता था। 20 जुलाई को मोहित कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। 22 जुलाई को अचानक मोहित का मोबाइल स्विच आॅफ हो गया। इसके बाद मोहित से संपर्क नहीं हो पाया। महाशिवरात्रि से पहले मोहित घर वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। नई मंडी पुलिस में उसके गुम होने की जानकारी देते हुए मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई। मोहित का फोन हरिद्वार में बंद हुआ था। परिजनों ने हरिद्वार में कई थानों में पहुंचकर मोहित के बारे में जानकारी हासिल की, लेकिन कहीं से भी कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज का भी अवलोकन किया गया, लेकिन कुछ हाथ नहीं लग सका।






