मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को सौंपा। ज्ञापन में जीएसटी विभाग में तैनात राज्य कर अधिकारी हिमांशु सुधीर लाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि राज्य कर अधिकारी द्वारा मुजफ्फरनगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी से 50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई। व्यापारी द्वारा रिश्वत न देने पर फैक्ट्री पर छापा मारने की धमकी भी दी गई। यह घटना व्यापारियों में भय और असंतोष का कारण बन गई है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि न केवल आरोपी अधिकारी पर कठोर कार्रवाई की जाए, बल्कि उसकी संपत्तियों की भी जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही इस प्रकरण में लिप्त अन्य अधिकारियों की भी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई व संपत्ति जांच करवाई जाए। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार के भ्रष्ट अधिकारी प्रदेश सरकार की जीरो टाॅलरेंस की नीति को ठेंगा दिखा रहे हैं। इससे सरकार की साख और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। मंडल ने चेताया कि यदि समय रहते इस प्रकरण में न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो व्यापारी वर्ग को आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विवश होना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर रुख अपनाते हुए शीघ्र उचित कदम उठाएंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष विकास अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष सरवन अग्रवाल, नगर महामंत्री मनीष अग्रवाल, नगर कोषाध्यक्ष कुशाग्र शर्मा, जिला सचिव पवन मित्तल, विधिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट कपिल कुमार, नगर विधिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष शिवम तायल, जिला सचिव विक्की चावला, अनमोल जिंदल, अंकुर गुप्ता, रमेश पांचाल, शहाबुद्दीनपुर अध्यक्ष रण सिंह चैहान समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।







