मुजफ्फरनगर। पूर्व प्रधान की बेटी की अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रूपये की रंगदारी मांगी गई है। यदि रकम नहीं मिलती तो उसके साथ शारीरिक रिश्ते बनाए जाए। ब्लैकमेलिंग के इस मामले में दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है। खतौली क्षेत्र के पूर्व प्रधान ने मंसूरपुर थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि उसकी बेटी को दो युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। बाद में नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो और फोटोग्राफ उतार लिए। आरोपी कुछ दिन से इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उन पर नाजायज दबाव बना रहे है। धमकी दी गई कि या तो शारीरिक सम्बन्ध बनाओ या फिर 2 लाख रूपये उपलब्ध कराओ। दबाव में आई बेटी ने पैसों की व्यवस्था न होने पर घर पर रखे जेवरात उठा कर दे दिए। इसके बाबजूद आरोपियों ने उसकी वीडियो और फोटो होने वाले पति के मोबाइल पर भेज दी। इस कारण उसका रिश्ता भी टूट गया। आरोपी विरोध करने पर अब उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।






