Rahul Gandhi News: 21 साल से राजनीति में हैं. देश की सबसे पुरानी पार्टी के वारिस हैं. कई बार प्रधानमंत्री बनने के लिए “स्वाभाविक विकल्प” बताकर पेश किए गए. लेकिन अब, 2024 की हार के बाद राहुल गांधी कह रहे हैं “मुझसे एक बड़ी गलती हुई. मैंने OBC वर्ग को वो सुरक्षा, वो सम्मान नहीं दिया जो मिलना चाहिए था.” कांग्रेस के ‘भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में उन्होंने खुले मंच से यह स्वीकारोक्ति की और यही वाक्य बन गया राजनीति की नई सुर्खी.
राजनीति में जब कोई नेता अपनी कमजोरी खुद कबूल करता है तो या तो वो बदलने को तैयार होता है या फिर छवि सुधारने की कोशिश कर रहा होता है. राहुल गांधी किस श्रेणी में हैं ये वक्त बताएगा. लेकिन इस भाषण में उन्होंने सिर्फ गलती नहीं मानी, बल्कि पीएम मोदी को “ओवरहाइप्ड शो” और तेलंगाना मॉडल को “राजनीतिक भूकंप” बताकर अपना ओबीसी रोडमैप भी पेश कर दिया. अब देखना है कि राहुल की यह ‘माफीनामा’ राजनीति को दिशा देगा या सिर्फ ध्यान बटोरने का एक नया हथकंडा साबित होगा.







