शुभमन गिल ने मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ कराने के बाद साथी बल्लेबाजों की जमकर प्रशंसा की. गिल ने कहा है कि भारत को चौथे दिन केएल राहुल के साथ उनकी साझेदारी से विश्वास हो गया कि उनकी टीम महान टीम क्यों है. भारतीय टीम ने पहली पारी में 311 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में बिना कोई रन बनाये दो विकेट गंवा दिए थे. लेकिन गिल, रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार शतक जड़कर अपनी टीम को हार से बचाया. इस परिणाम से भारत के पास अब पांच मैचों की सीरीज में बराबरी करने का मौका होगा.
शुभमन गिल (Shubman Gill) ने बीसीसीआई डॉट टीवी से कहा, ‘40 ओवर तक एक ही मानसिकता बनाए रखना बहुत चुनौतीपूर्ण है. एक अच्छी टीम और एक महान टीम में यही अंतर होता है. मुझे लगता है कि हमने आज यह दिखाया कि हम एक महान टीम हैं. शून्य रन पर दो विकेट गंवाने के बाद मुझे लगता है कि मेरे और केएल (राहुल) भाई के बीच की साझेदारी ने उम्मीद जगा दी थी कि हम इस काम को कर सकते हैं. मैं बेहद, बेहद खुश हूं. जिस स्थिति में हम कल थे, वहां से ड्रॉ हासिल कर पाना बेहद संतोषजनक है.’








